पालघर में तेज रफ्तार कार घर की दीवार से टकराई, एक घायल
मुंबई, 06 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार में स्थित जांभुलपाड़ा गांव में बीती रात तेज रफ्तार महिंद्रा थार अनियंत्रित होकर एक घर की दीवार सी टकराने से एक शख्स घायल हो गया। इस घटना में मांडवी पुलिस स्टेशन की टीम ने कार चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि बीती रात महिंद्रा थार भटाने से भालिवली की ओर जा रही थी। कार चालक नशे में तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। अचानक जांबुलपाड़ा में एक घर के पास कार अनियंत्रित होकर शेड, दो बाइक को रौंदते हुए घर की दीवार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दीवार और खिडक़ी का हिस्सा ढह गया। हादसे के समय हॉल में बैठे 59 वर्षीय सुभाष जयराम सुतार घायल हो गए। इस घटना में घायल सुतार का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है।
इस हादसे में पुलिस ने चालक अंकित रविशंकर मिश्रा (26) और उसके साथी राज इंद्रजीत यादव (24) को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना की गहन छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

