home page

बजट सत्र से पहले महाराष्ट्र सरकार की चाय पार्टी का बहिष्कार करेगा विपक्ष

 | 

मुंबई, 22 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र सरकार के बजट सत्र से पहले रविवार शाम को होने वाली चाय पार्टी का विपक्ष ने बहिष्कार करने का फैसला लिया है। शिवसेना यूबीटी के विधायक भास्कर जाधव ने कहा कि बजट सत्र में विपक्ष आक्रामक तरीके से जनहित के मुद्दे सभागृह में उठाएगा।

बजट सत्र के एक दिन पहले मुंबई में विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक के बाद भास्कर जाधव ने पत्रकारों को बताया कि सत्तापक्ष का रवैया संविधान की इज्जत करने का नहीं है। इसी वजह से सरकार ने अब तक दोनों सदनों में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त नहीं किया है। राज्य सरकार संविधान का सम्मान नहीं कर रही है। इतना ही नहीं, राज्य में किसानों को कर्जमाफी नहीं दी गई है, जबकि सूबे में हर दिन कर्ज की वजह से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। मंत्री के मातहत रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े जा रहे हैं, लेकिन सरकार संबंधित विभाग के मंत्री का इस्तीफा नहीं ले रही है। विपक्ष इस अधिवेशन में मंत्री नरहरि झिरवल के इस्तीफे की भी मांग करेगा। भास्कर जाधव ने कहा कि इसी वजह से विपक्ष ने सरकार की चाय पार्टी का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने पत्रकारों को बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की विमान हादसे में मौत पर कई सवाल उठ रहे हैं, लेकिन इस पर राज्य सरकार का रुख साफ नहीं है। राज्य में किसानों की आत्महत्या बढ़ रही है। अकेले जनवरी में मराठवाड़ा में 76 किसानों ने आत्महत्या की और सबसे ज़्यादा 24 किसानों ने बीड जिले में आत्महत्या की। सरकार के पास किसान कर्ज़ माफ़ी की कोई पॉलिसी नहीं है, किसानों को फ़सल बीमा नहीं मिला है। वडेट्टीवार ने आरोप लगाया कि राज्य में भारी बारिश के लिए केंद्र सरकार को मदद का प्रस्ताव भेजने के बावजूद राज्य सरकार को फ़ंड नहीं मिला है। महाराष्ट्र में किसान साहूकारों के जाल में फंसे हुए हैं।

इस अवसर पर शिवसेना यूबीटी के आदित्य ठाकरे, अनिल परब, अजय चौधरी, सुनील प्रभु , कांग्रेस पार्टी के सतेज पाटिल अमीन पटेल और राकांपा एसपी के मिलिंद कांबले उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव