home page

प्याज उत्पादक किसानों की मदद के लिए सचिव स्तर की कमेटी बनाएं : देवेंद्र फडणवीस

 | 

मुंबई, 25 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधान भवन में अधिकारियों को प्याज उत्पादक किसानों की मदद के लिए सचिव स्तर की कमेटी बनाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि इस कमेटी की रिपोर्ट के बाद प्याज उत्पादक किसानों की हर स्तर पर मदद की जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने बुधवार को विधान भवन में प्याज उत्पादक किसानों की समस्या को लेकर आयोजित बैठक में कहा कि राज्य में हर साल प्याज उत्पादक की समस्या उठती है। इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की जरूरत है। अभी प्याज किसानों की मदद करनी होगी। इसके लिए कृषि विभाग के अपर मुख्य सचिव, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव और विपणन विभाग के सचिव की एक कमेटी बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि एजेंसियां प्याज की समस्या का समाधान करने के लिए दीर्घकालिक उपाय लागू करें।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि प्याज के व्यापार में गड़बड़ी रोकने और प्याज की कीमतों को स्थिर करने के लिए प्याज का निर्यात बढ़ाने जैसे केंद्र सरकार से जुड़े मुद्दों पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ जल्द बैठक करेंगे। यह देखा गया है कि व्यापारी किसानों से प्याज खरीदकर नाफेड या दूसरी एजेंसियों को बेच रहे हैं। इससे किसानों को नुकसान हो रहा है और इसे हमेशा के लिए रोकने की जरूरत है। कमेटी को यह भी सत्यापित करना चाहिए कि क्या नासिक, पुणे, अहिल्यानगर और सोलापुर जैसे ज्यादा प्याज पैदा करने वाले जिलों में 'फसल विविधीकरण' किया जा सकता है। यह प्रयोग आने वाले खरीफ सीजन में ही किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, मंत्री छगन भुजबल, राधाकृष्ण विखे पाटिल, गिरीश महाजन आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव