home page

पालघर जिले में कथित नकली बाबा पर दुष्कर्म का मामला दर्ज

 | 

मुंबई, 27 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के पालघर जिले के वसई इलाके में स्थित मानिकपुर पुलिस स्टेशन में कथित नकली बाबा के विरुद्ध एक महिला ने दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है। इस मामले को दर्ज कर पुलिस ने जांच के लिए पुणे के हड़पसर पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया है।

मानिकपुर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने आज बताया कि एक 35 साल की महिला ने एक स्वयंभू आध्यात्मिक गुरु पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि कथित गुरु ने उसे यह यकीन दिलाया कि वह भगवान महादेव का अवतार है और महिला उसकी पार्वती है। आरोपित की पहचान ऋषिकेश वैद्य के रूप में हुई है। उसके खिलाफ इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और हड़पसर पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार ऋषिकेश वैद्य आमची वसई नाम के एक संगठन का मुखिया है और वह खुद को एक आध्यात्मिक गुरु बताता था। वह फेसबुक के ज़रिए पीडि़ता के संपर्क में आया और उसकी धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर, आध्यात्मिक मार्गदर्शन देने के बहाने धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया। दिसंबर 2023 में, वैद्य कथित तौर पर महिला से मिलने पुणे गया था। अपनी दिव्य पहचान का दावा करते हुए, उसने महिला की आस्था के साथ खिलवाड़ किया और उसे मंजरी इलाके के एक लॉज में ले गया। वहां उसने कथित तौर पर महिला को कोई नशीला पदार्थ खिलाया और उसके साथ यौन उत्पीडऩ किया।

इस घटना के दौरान उसने कथित तौर पर पीडि़ता की अश्लील तस्वीरें भी खींचीं। बाद में आरोपित ने इन तस्वीरों का इस्तेमाल करके महिला को ब्लैकमेल किया और उसे धमकाया। मई 2025 में, उसने कथित तौर पर महिला को फिर से वसई के एक होटल में बुलाया, जहां उसने एक बार फिर उसके साथ ज़बरदस्ती करने की कोशिश की। लगातार हो रहे शारीरिक और मानसिक उत्पीडऩ को और न सह पाने पर महिला ने आखिरकार मानिकपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराया है।

चूंकि मुख्य अपराध पुणे के मंजरी इलाके में हुआ था, इसलिए मामले को आगे की जांच के लिए हडपसर पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया है। पुणे के पुलिस उपायुक्त निखिल पिंगले ने कहा कि इस मामले में आरोपित को पकडऩे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया है और तलाश की जा रही है। आरोपित को बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव