home page

अहिल्यानगर कैंसर जैसी बीमारियां ठीक करने का दावा करने वाला ढ़ोंगी बाबा गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 18 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के संगमनेर तहसील में पुलिस ने शनिवार को मंत्र पढक़र कैंसर जैसी बीमारियां ठीक करने वाले ढोंगी बाबा राजेंद्र गाडगे को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन संगमनेर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि ढ़ोंगी बाबा राजेंद्र गाडगे के खिलाफ अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की महाराष्ट्र प्रदेश सचिव ने शुक्रवार को लिखित शिकायत दी थी। इसी शिकायत के आधार पर संगमनेर पुलिस स्टेशन की टीम ने छानबीन ढोंगी बाबा राजेंद्र गाडगे, उसकी बेटी ज्ञानेश्वरी गाडगे, सूरज शिंदे, मधुकर शिंदे और डॉ. मोहन पुरी के खिलाफ बीती रात मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित राजेंद्र गाडगे को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की शिकायत के अनुसार यह ढोंगी बाबा संगमनेर तहसील के वडगांव पाणी इलाके 'दत्तधाम सरकार' के नाम से पर दरबार लगाता था और मंत्र पढक़र कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों को ठीक करने का झूठा दावा करता था। उसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने इस केस को फॉलोअप किया तो एंटी-विचक्राफ्ट एक्ट के तहत यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ढ़ोंगी बाबा राजेंद्र गाडगे ने आस्था के नाम पर लोगों को लूटने का बड़ा रैकेट खड़ा कर रखा था। इस ढोंगी बाबा के दरबार में रजिस्टर करने की फीस 11,000 रुपये, 21,000 रुपये से लेकर 51,000 रुपये तक थी। इतना ही नहीं, वीआईपी दर्शन के लिए 101,000 रुपये तय किए गए थे। ढ़ोंगी बाबा ने नि:संतान लोगों को संतान दिलाने और दैवीय शक्ति से बीमारियां ठीक करने का वादा करके लाखों रुपये कमाए हैं। सिर्फ मंत्र ही नहीं, बल्कि वह कुछ बिना इजाज़त वाली दवाइयां भी देता था, जिसकी वजह से कई लोग परेशान हुए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव