घाटकोपर लैंडस्लाइड में एक और मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हुई
मुंबई, 13 अगस्त, (हि.स.)। घाटकोपर के अशोक नगर में मंगलवार आधी रात हुए लैंडस्लाइड हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। गुरुवार दोपहर मलबे के नीचे से 28 वर्षीय सद्दाम वज़ीर अली का शव बरामद किया गया। राजावाड़ी अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आज शाम को घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य समाप्त कर दिया गया है।
मुंबई नगर निगम के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि घाटकोपर के अशोक नगर के हिल नंबर-3 स्थित गौसिया चॉल में पहाड़ी का एक हिस्सा कई घरों पर गिर गया था। हादसे के बाद एनडीआरएफ और मुंबई फायर ब्रिगेड ने मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। हादसे में सात लोगों की मौत हुई थी, जबकि सात अन्य घायल हुए थे। एक व्यक्ति की तलाश गुरुवार दोपहर तक जारी थी, जिसका शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या आठ हो गई। सभी शवों और घायलों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया है। इसके बाद एनडीआरएफ ने गुरुवार दोपहर अपना रेस्क्यू ऑपरेशन समाप्त कर दिया। अब मुंबई महानगरपालिका ने घटनास्थल से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया है।
इस घटना के बाद अशोक नगर में चट्टान और ढलान पर बने करीब 100 खतरनाक घरों को खाली कराया गया है। इनमें से 60 से 70 लोगों के रहने और भोजन की व्यवस्था महानगरपालिका की ओर से काजूपाड़ा हिंदी स्कूल और मोहिली गांव के स्कूल में की गई है। कुछ लोग अपने रिश्तेदारों के घर चले गए हैं। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के वारिस को तत्काल 4 लाख रुपये और घायलों को इलाज के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। स्थानीय पार्षद विजयेंद्र शिंदे ने आरोप लगाया कि इस बस्ती की खतरनाक स्थिति को लेकर प्रशासन को पहले ही अवगत कराया गया था, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
शिंदे के मुताबिक, ढलान बेहद खड़ी है और उन्होंने सुरक्षा के लिए जियो-नेटिंग लगाने की मांग की थी। इसके लिए म्हाडा को प्रस्ताव भेजने की भी मांग की गई थी। शिंदे ने यह भी दावा किया कि ढलान पर बसे परिवारों के स्थायी पुनर्वास की मांग पहले ही की जा चुकी थी। उन्होंने बताया कि घटनास्थल तक पहुंचने वाला रास्ता इतना संकरा है कि वहां से एक समय में केवल एक व्यक्ति ही गुजर सकता है।
गुरुवार को मुंबई नगर निगम की बैठक में कुर्ला लैंडस्लाइड में जान गंवाने वाले आठ लोगों और विले पार्ले में ऊंची इमारत में आग लगने की घटना में मारे गए दो लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद नगर निगम की बैठक स्थगित कर दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

