नासिक दुष्कर्म मामले के आरोपित पर एक और धोखाधड़ी का मामला दर्ज
मुंबई, 10 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक दुष्कर्म मामले के आरोपित ढोंगी अशोक खरात और उसकी पत्नी कल्पना खरात के विरुद्ध शुक्रवार को सिन्नर पुलिस स्टेशन में एक और धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। इस मामले में आरोपित पर मंदिर बनाने के नाम पर 16 एकड़ जमीन हड़पने का आरोप है। इस तरह अब तक ढोंगी अशोक खरात के खिलाफ कुल 14 मामले दर्ज हो चुके हैं।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि अशोक खरात और उसकी पत्नी कल्पना खरात के खिलाफ सिन्नर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का चौदहवां केस दर्ज किया गया है। अशोक खरात और उसकी पत्नी ने नवंबर 2003 से फरवरी 2004 के बीच सिन्नर तालुका के मिरगांव इलाके में मंदिर बनाने के नाम पर किसानों से ठगी की थी। शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में बताया है कि उस समय अशोक खरात ने दावा किया कि उसके पास दैवीय शक्तियां हैं और वह उनके खेत पर मंदिर बनाना चाहता है। उसने मंदिर बनाने का विरोध करने पर जादू-टोना करके नुकसान पहुंचाने की धमकी संबंधित किसानों को दी थी। इसी डर से कई किसान जमीन बेचने को तैयार हो गए। इसके बाद पता चला कि अशोक खरात और कल्पना खरात ने कई किसानों की करीब 16.50 एकड़ ज़मीन सिर्फ़ 15 लाख रुपये में खरीदी थी। बाद में अशोक खरात ने इस ज़मीन पर एक ईशान्येश्वर मंदिर, एक फार्म हाउस और आम का बाग बनाया था। इस लेन-देन में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का शक है। पुलिस इसकी पूरी जांच कर रही है।
नासिक दुष्कर्म मामले के आरोपित अशोक खरात पर १३ गंभीर मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इनमें महिलाओं के खिलाफ यौन अपराध, धोखाधड़ी और जादू-टोना रोकथाम अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं। एक मामले में अशोक खरात पर एक गर्भवती महिला के साथ दुव्र्यवहार करने का आरोप है। इन मामलों की छानबीन एसआईटी कर रही है और इस अशोक खरात पुलिस कस्टडी में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

