home page

भायंदर में पेड़ गिरने से घायल की मौत, बारिश ने ली अब तक चार लोगों की जान

 | 

मुंबई, 03 जुलाई (हि.स.)। मुंबई से सटे भायंदर शहर के राई इलाके में पेड़ गिरने से घायल शख्स की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना की छानबीन भायंदर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है। मुंबई और आस पास के इलाकों में पिछले तीन दिनों में चार लोगों की जान चली गई है।

इस घटना की छानबीन कर रहे भायंदर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि राई गांव में बुधवार को तुफानी बारिश की वजह एक नारियल का पेड़ गिर गया था। इस घटना में काम से अपने घर की ओर जा रहे राहुल नामक युवक घायल हो गया था। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन आज इलाज के दौरान राहुल की मौत हो गई।

मुंबई और आस -पास के इलाकों में भारी बारिश ने इस शख्ख को लेकर चार लोगों की जान ले ली है। मालाबार हिल इलाके में बुधवार को स्थित सूर्यप्रकाश बिल्डिंग का हिस्सा गिरने से संतोष रामचंद्र भारस्कर (51) नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। उसी दिन चेंबूर इलाके में स्कूल बस पर पीपल का पेड़ गिरने से एक छात्र की मौत हो गई थी। गुरुवार को साकीनाका इलाके में खुले मैनहोल में गिरने से असलम शेख नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी और भायंदर में बुधवार को नारियल का पेड़ गिरने से घायल राहुल की आज इलाज के दौरान मौत हो गई है।

---------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव