कुर्ला में पेड़ का हिस्सा गिरने से वृद्ध की मौत
मुंबई, 05 जुलाई (हि.स.)। मुंबई के कुर्ला के नौपाड़ा इलाके में गोम्स गाउन बिल्डिंग के सामने रविवार दोपहर में एक पेड़ का हिस्सा गिरने से ६३ साल के वृद्ध की मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही मुंबई नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य कर रही है। इस घटना की छानबीन कुर्ला पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि नौपाड़ा इलाके में आज मुंबई नगर निगम के कर्मचारी पेड़ों की छटाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान बांद्रा में रहने वाले युनुस कुंदावाड़ा (६३) उसी इलाके से गुजर रहे थे। क्षेत्र में हो रही पेड़ की छटाई के दौरान ही कट रहे पेड़ का हिस्सा युनुस के ऊपर गिर गया। इस घटना के बाद युनुस बेहोश होकर घटनास्थल पर ही गिर गए। युनुस को तत्काल नजदीकी फौजिया अस्पताल में पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने युनुस को मृतक घोषित कर दिया। मुंबई की महापौर रीता तावड़े ने कहा कि वे खुद घटनास्थल पर जाकर इसकी छानबीन करेंगी और इसके बाद इस पर प्रतिक्रिया देंगी।
मुंबई नगर निगम के अनुसार आज सुबह से ही मुंबई के कई इलाकों में पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं, लेकिन इन घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि इन घटनाओं में दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन घटनाओं में पेड़ों को हटाने काम जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

