home page

अमरावती के परतवाडा सेक्स रैकेट की जांच में विपक्ष राजनीति न करे : भाजपा

 | 

मुंबई, 16 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी ने गुरुवार को मुंबई में कहा कि अमरावती जिले के परतवाडा में सामने आए सेक्स रैकेट की जांच में विपक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए। इस मामले में विपक्ष को राजनीति करने के बजाय पीडि़त लड़कियों को न्याय दिलाने के लिए प्रयास करना चाहिए।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अमरावती के परतवाड़ा में नाबालिग लड़कियों और युवतियों के अत्यंत अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर वायरल हो रहे थे। लेकिन उस समय किसी ने इसके विरोध में आवाज नहीं उठाई थी। केवल भाजपा ने ही आगे बढक़र पुलिस से संपर्क किया और सबसे पहले आंदोलन भी भाजपा ने ही किया।

इसके बाद इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दी गई। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद इस मामले की छानबीन शुरु हुई और मुख्य आरोपित अयान अहमद तनवीर अहमद सहित आठ आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया। लेकिन इस मामले में मुसलिम आरोपित होने की वजह से विपक्ष ने राजनीति करना शुरु कर दिया है। शिवराय कुलकर्णी ने कहा कि आरोपित चाहे कोई भी हो , इस मामले की पीडि़त महिलाओं में कई मुसलिम भी है, जो हमारी बहनें हैं और उन्हें न्याय दिलाने का प्रयास हम सभी को करना चाहिए। उन्होंने इस मामले की पीडि़त लड़कियों और उनके परिवार से बिना डर के आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव