पैसों की कमी के कारण अब किसी गरीब का कोई भी ऑपरेशन नहीं रुकेगा : मुख्यमंत्री
मुंबई, 26 जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को नागपुर में कहा कि पैसों की कमी के कारण अब किसी गरीब का
कोई भी ऑपरेशन नहीं रुकेगा। इसी उद्देश्य से राज्य सरकार विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के माध्यम से आवश्यक आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री फडणवीस आज मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि तथा धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष की ओर से धनवटे नेशनल कॉलेज परिसर में आयोजित महाआरोग्य शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना इस शिविर का मुख्य उद्देश्य है। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। अस्पतालों की संख्या बढ़ाई गई है और
महात्मा फुले जनआरोग्य योजना में पहले शामिल न रहने वाली कई गंभीर बीमारियों को भी शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि के माध्यम से 57 हजार मरीजों के उपचार के लिए 452 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही धर्मादाय अस्पतालों में गरीब मरीजों के लिए आरक्षित बिस्तरों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल व्यवस्था विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि महात्मा फुले जनआरोग्य योजना के तहत उपचार की 5 लाख रुपये की सीमा से अधिक खर्च वाले लगभग दस गंभीर रोगों के लिए सरकार 9 लाख रुपये तक और कुछ विशेष बीमारियों के उपचार हेतु 35 लाख रुपये तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की नीति पर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर केंद्रीय सडक़ परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, कौशल विकास मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, सासंद अजित गोपचड़े, विधायक प्रवीण दटके, संजय भेंडे, मोहन मते, राजीव पोतदार, महापौर नीता ठाकरे, शिवाजी शिक्षण संस्था के अध्यक्ष हर्षवर्धन देशमुख सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

