आईटी कंपनियों में भारतीय संस्कृति का पालन जरूरी: अमर ठाकरे
मुंबई, 15 अप्रैल (हि.स.)। नासिक आईटी एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर ठाकरे ने कहा कि आईटी कंपनियों में भारतीय संस्कृति और व्यावसायिक मूल्य पर आधारित एक काबिल और मजबूत वातावरण बनाना जरूरी है।
एसोसिएशन के प्रवक्ता ने बताया कि नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) कंपनी में धर्म परिवर्तन और महिलाओं के शोषण का चौंकाने वाला मामला सामने आने के बाद बुधवार को नासिक के सातपुर में एसोसिएशन की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अध्यक्ष अमर ठाकरे, उद्यमी प्रदीप पेशकर, अरविंद महापात्रा, पूर्व अध्यक्ष मकरंद सावरकर के साथ 125 उद्यमी मौजूद थे। प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि कॉर्पोरेट कल्चर के नाम पर गलत आचरण नहीं चलेगा। सभी के लिए भारतीय संस्कृति को मानना जरूरी होगा।
बैठक में एसोसिएशन अध्यक्ष अमर ठाकरे ने चिंता जताते हुए कहा कि जो मामला सामने आया है वह चौंकाने वाला है। आईटी सेक्टर में भारतीय संस्कृति को अपनाना समय की जरूरत है, क्योंकि यह कर्मचारियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा का बड़ा मुद्दा है। उन्होंने बताया कि आईटी कर्मचारियों के लिए एक हेल्पलाइन ई-मेल शुरू की जाएगी और कर्मचारी इस ई-मेल के जरिए सीधे पुलिस से शिकायत कर सकेंगे।
बैठक में हर आईटी ऑफिस के एरिया में पुलिस प्रशासन, समाज सेवक और वरिष्ठ पत्रकारों के संपर्क नंबर दिखाने समेत कई निर्णय लिए गए।
नासिक में टीसीएस कंपनी ऑफिस में यौन उत्पीड़न और धर्मांतरण के गंभीर आरोप सामने आए हैं। पूरे मामले की पुलिस गहनता से जांच कर रही है और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

