अमरावती में नवजात बच्चों की मौत मामले में एनएचआरसी ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को नोटिस भेजा
मुंबई, 27 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में नवजात बच्चों की मौत के मामले में नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (एनएचआरसी) ने स्वत: संज्ञान लिया है। कमीशन ने महाराष्ट्र के चीफ सेक्रेटरी को नोटिस जारी कर दो हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। हालांकि इस संदर्भ में मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।
उल्लेखनीय है कि 24 अगस्त को अमरावती के महिला जिला अस्पताल के बच्चों के वार्ड में आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि चार बच्चे घायल हुए थे। घटना के समय यूनिट में कुल नौ नवजात बच्चे भर्ती थे। घायल चार बच्चों में से एक की हालत गंभीर बताई गई है। यह सब मीडिया में प्रकाशित और प्रसारित हो गया है।
एनएचआरसी ने कहा कि यदि मीडिया रिपोट्र्स में सामने आई जानकारी सही पाई जाती है, तो यह नवजात बच्चों की सुरक्षा और अस्पताल में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला हो सकता है। कमीशन ने चीफ सेक्रेटरी से घायल बच्चों की मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी मांगी है। इसके अलावा, राज्य सरकार की ओर से घोषित मुआवजे की राशि, उसके वितरण और वास्तविक लाभार्थियों को मिली रकम का ब्योरा भी मांगा गया है। एनएचआरसी अब मामले की जांच, अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और घटना के बाद राज्य सरकार की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी का भी परीक्षण करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

