home page

राकांपा सांसद के भांजे कैप्टन अमोल महाडिक समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

 | 

मुंबई, 31 जुलाई, (हि.स.)। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे के भांजे कैप्टन अमोल महाडिक ने शुक्रवार को अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुंबई स्थित तिलक भवन में आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और कांग्रेस परिवार में स्वागत किया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सपकाल ने कहा कि देश में लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे इस संघर्ष को देशभर से समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कैप्टन अमोल महाडिक के पार्टी में आने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि महाडिक को प्रोफेशनल कांग्रेस विभाग में जिम्मेदारी दी जाएगी, जहां उनके अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कैप्टन अमोल महाडिक ने कहा कि उनका परिवार लंबे समय से कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके दादाजी दत्ताजीराव उर्फ अण्णासाहेब तटकरे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होकर उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है जैसे वह अपने घर लौट आए हों। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, उसका वह पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ निर्वहन करेंगे।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं तेलंगाना के सह-प्रभारी सचिन सावंत, महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता अतुल लोंढे सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव