home page

मुंबई में एनसीबी ने 5 करोड़ रुपये की एफेड्रिन जब्त, एक गिरफ़्तार

 | 

मुंबई, 26 जुलाई, (हि.स.)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की मुंबई जोनल यूनिट ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए न्यूजीलैंड भेजे जा रहे तीन कूरियर पार्सलों से करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य की 10.99 किलोग्राम एफेड्रिन जब्त की है। इस मामले में चेन्नई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

इस मामले की छानबीन कर रहे एनसीबी अधिकारी ने रविवार को मीडिया को बताया कि एनसीबी को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर 21 जुलाई को दो और 25 जुलाई को एक कूरियर पार्सल को रोका । इसकी जांच में सामने आया कि नकली दस्तावेज़ों के आधार पर बुक किए गए इन पार्सलों को न्यूज़ीलैंड भेजा जाना था। दोनों पार्सलों में फ़्लोर मैट और कपड़े के रोल की परतों के बीच छिपाकर रखी गई 7 किलोग्राम एफेड्रिन बरामद हुई। जांच में कूरियर से जुड़े सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए। मामले की जांच चेन्नई के ट्रिपलिकेन इलाके तक पहुंची, जहां 23 जुलाई को एस. हमीद नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उसके ठिकाने से पैकिंग सामग्री, डिजिटल वजन मशीन, हीट-सीलिंग मशीन, प्लास्टिक बैग, नकली पहचान पत्र, डिजिटल उपकरण और अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए।

हमीद से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एनसीबी ने 25 जुलाई को महाराष्ट्र के कल्याण में एक और कूरियर पार्सल को रोका। इस पार्सल से बेडशीट और फोटो फ्रेम की परतों के बीच छिपाकर रखी गई 3.99 किलोग्राम एफेड्रिन बरामद हुई। इसके साथ ही कुल बरामदगी 10.99 किलोग्राम पहुंच गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई गई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह तस्करी नेटवर्क चेन्नई से संचालित हो रहा था और अंतरराष्ट्रीय कूरियर बुकिंग के लिए नकली दस्तावेजों का इस्तेमाल किया जाता था। जांच एजेंसी का कहना है कि पहचान छिपाने के लिए गिरोह के सदस्य मुंबई, पुणे और अन्य शहरों से पार्सल बुक कराते थे। एजेंसी अब एफेड्रिन के स्रोत का पता लगाने और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी है। एफेड्रिन एक नियंत्रित रसायन है, जिसका अवैध रूप से मेथामफेटामाइन जैसे मादक पदार्थ के निर्माण में इस्तेमाल किया जाता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव