home page

छात्र आंदोलन का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे ठाकरे बंधु: नवनाथ बन

 | 

मुंबई, 24 जुलाई, (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शुक्रवार को कहा कि शिवसेना यूबीटी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। इसी वजह से दोनों पार्टियों में २६ जुलाई को आंदोलन करने का निर्णय लिया।

शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में नवनाथ बन ने कहा कि मोर्चे में किसी भी दल का झंडा न होने की घोषणा की गई है लेकिन इसके पीछे राजनीतिक उद्देश्य स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह कांग्रेस राहुल गांधी के राजनीतिक हितों के लिए छात्र आंदोलनों का सहारा ले रही है, उसी प्रकार महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे भी युवाओं के मुद्दों का राजनीतिक उपयोग कर रहे हैं।

नवनाथ बन ने कहा कि केंद्र सरकार आंदोलनकारियों से लगातार संवाद कर रही है और उनकी अधिकांश मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है। उन्होंने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी अपना अनशन वापस ले लिया है। बन के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्पष्ट किया है कि सरकार संवाद के लिए तैयार है और पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाने की दिशा में काम कर रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव