home page

संजय राऊत मुख्यमंत्री फडणवीस से मांगें माफी, नहीं तो होगी कानूनी कार्रवाई : भाजपा

 | 

मुंबई, 28 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने शनिवार को कहा कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रवक्ता संजय राऊत को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ कथित झूठे और बेबुनियाद बयान देने पर बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा भाजपा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी।

नवनाथ बन ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि संजय राऊत लगातार निराधार आरोप लगाकर भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राऊत द्वारा वीएसआर के विमान को मुख्यमंत्री फडणवीस की निजी संपत्ति बताना पूरी तरह गलत और भ्रामक है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस तरह के झूठे आरोपों के लिए संजय राऊत को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए, अन्यथा पार्टी की ओर से उन्हें कानूनी नोटिस भेजा जाएगा।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस कोई उद्धव ठाकरे नहीं हैं, जिनके पास निजी विमान हमेशा उपलब्ध रहें। पहले उद्धव ठाकरे के निजी विमानों की जानकारी सार्वजनिक की जाए, उसके बाद इस तरह के आरोप लगाए जाएं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव