home page

मुख्यमंत्री ने नवी मुंबई पुलिस के ‘प्रहरी’ इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कमांड सेंटर का उद्घाटन किया

 | 

मुंबई, 22 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपराध नियंत्रण और अत्याधुनिक निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से नवी मुंबई पुलिस का ‘प्रहरी’ इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कमांड सेंटर का शनिवार को उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में राज्य के वन मंत्री गणेश नाइक और रोजगार गारंटी मंत्री भरत गोगावले प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

इसका कार्यक्रम का उद्घाटन आज बेलापुर स्थित पुलिस आयुक्तालय में आयोजित किया गया था। नवी मुंबई पुलिस आयुक्तालय, नवी मुंबई महानगरपालिका और पनवेल महानगरपालिका के संयुक्त प्रयासों से यह अत्याधुनिक कमांड सेंटर तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हमेशा निगरानी, हमेशा सुरक्षा’ के आदर्श वाक्य के साथ कार्य करने वाला ‘प्रहरी’ कमांड सेंटर चौबीसों घंटे शहर की गतिविधियों पर निगरानी रखेगा। सीसीटीवी नेटवर्क के माध्यम से यह केंद्र अपराध नियंत्रण के साथ-साथ यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए नवी मुंबई पुलिस को महत्वपूर्ण तकनीकी सहायता प्रदान करेगा। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह प्रणाली नवी मुंबई और पनवेल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य रवींद्र फाटक और विक्रांत पाटिल, विधानसभा सदस्य मंदाताई म्हात्रे और महेश बाल्दी, रायगढ़ जिला परिषद अध्यक्ष मंगेश वाकडिकर, नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटिल, पनवेल के महापौर नितिन पाटिल सहित विभागीय आयुक्त रूबल अग्रवाल, ठाणे जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल, नवी मुंबई नगर निगम के आयुक्त कैलास शिंदे, नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारम्बे, संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपक साकोरे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रमोद शेवाले और पनवेल मनपा आयुक्त मंगेश चितले आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव