home page

नासिक - दुष्कर्म मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित

 | 

मुंबई, 19 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के जिले के सिन्नर में हुए दुष्कर्म मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने गुरुवार को एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया है। यह टीम आईपीएस अधिकारी तेजस्वीनी सतपुते के नेतृत्व में काम करेगी। यह जानकारी गृह विभाग के सूत्रों ने दी।

गृह विभाग के सूत्रों ने आज बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपित अशोक खरात के नासिक जिले के सिन्नर तहसील में मिरगांव स्थित फार्महाउस में आज छापामार कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में फार्महाउस से बहुत से डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं। साथ ही इस जगह से एक पिस्टल और कुछ जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं। इससे पहले नासिक पुलिस ने पहले खरात के घर की तलाशी ली थी और घर से ५८ सीडी जब्त किया था।

उल्लेखनीय है कि अशोक खरात पर एक 35 साल की महिला को नींद की गोली देकर दुष्कर्म करने का आरोप है। इस शिकायत के बाद नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया और नासिक क्राइम ब्रांच ने बुधवार को अशोक खरात को गिरफ्तार किया गया।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधान सभा में बताया था कि इस मामले की गहन जांच जारी है। मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित किए जाने की घोषणा की थी। इसी वजह से आज इस मामले की छानबीन के लिए एसआईटी का गठन किया गया है और मामले की गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव