home page

नासिक दुष्कर्म मामले का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए, जांच जारी: मुख्यमंत्री

 | 
नासिक दुष्कर्म मामले का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए, जांच जारी: मुख्यमंत्री


मुंबई, 23 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को विधान सभा में कहा कि नासिक दुष्कर्म मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। यह मामला बहुत ही गंभीर है और महिलाओं की अस्मिता से जुड़ा है। मुख्यमंत्री सभागृह को आश्वस्त किया कि मामले की गहन छानबीन की जाएगी।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने सभागृह को बताया कि नासिक दुष्कर्म मामला बहुत ही गंभीर है। इस मामले को खुद पुलिस ने ही सामने लाया है और गहन छानबीन कर रही है। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई को देखते हुए पीडि़त महिलाएं अब सामने आ रही हैं और शिकायतें कर रही हैं। इसलिए हर दिन नई -नई जानकारी सामने आ रही है और सबकी जांच की जा रही है। आगे और भी पीडि़त महिलाएं सामने आने वाली हैं। इसलिए इस मामले का विस्तृत जांच के बाद पूरी जानकारी सरकार सभागृह को देगी।

मुख्यमंत्री ने सभागृह में यह भी कहा कि इस मामले में विपक्ष जिस तरीके से चाहेगा, उस तरह से जांच की जाएगी, लेकिन इस मामले का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ विधायक विजय वडेट्टीवार ने इस मामले को सभागृह को स्थगित किए जाने की मांग सोमवार को विधानसभा में की थी। उन्हाेंने कहा कि इस मामले से महाराष्ट्र की अस्मिता प्रभावित हुई है। राज्य सरकार के कई मंत्री इस मामले के आरोपित अशोक खरात के भक्त थे।

महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा रुपाली चाकणकर का इस्तीफा इसी मुद्दे पर लिया गया है। यही न्याय आरोपित अशोक खरात के पास जाने वाले मंत्रियों पर भी लागू होना चाहिए और अशोक खरात के भक्त मंत्रियों का भी इस्तीफा लिया जाना चाहिए। इसी मुद्दे पर कांग्रेस नेता नाना पटोले और शिवसेना यूबीटी के नेता भास्कर जाधव ने भी अपने विचार व्यक्त किए और आरोपित अशोक खरात के भक्त मंत्रियों के इस्तीफे की मांग की।

अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कहा कि वे इस विषय पर यहां चर्चा की अनुमति नहीं देंगे, इसके लिए अन्य नियमों के तहत सभागृह में चर्चा की सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव