home page

नासिक दुष्कर्म मामले की हर ऐंगल से जांच की जानी चाहिए : उद्धव ठाकरे

 | 

मुंबई, 21 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार को मुंबई में कहा कि नासिक दुष्कर्म मामले की हर ऐंगल से पूरी जांच की जानी चाहिए। उद्धव ठाकरे ने राजनीति के गिरते स्तर पर चिंता जताई है।

उद्धव ठाकरे ने आज पत्रकारों को बताया कि नासिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने आरोपित अशोक खरात को गिरफ्तार किया है। इस मामले में बहुत से नेताओं के नाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति का स्तर इतना गिर गया है कि अब नेता इस तरह के आरोपित बाबाओं के पास जाने लगे हैं। हमारे पास जादू-टोना रोकने वाला कानून है, लेकिन अगर कानून का पालन करने वाले ही उनके पीछे चलने वाले हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम महाराष्ट्र को आगे ले जाने वाले हैं, हम इस मुद्दे को लेकर आगे बढ़ रहे हैं। लेकिन मामले की निष्पक्ष और अंत तक जांच की जानी चाहिए, जिससे इस मामले का सच आम जनता तक पहुंचे और लोगों को पता चले कि जिसे उन्होंने चुना है, उनकी हकीकत असल में क्या है? इस दौरान पत्रकारों ने सवाल पूछा कि जब वे मुख्यमंत्री थे, तब आरोपित के संस्थान को पानी की सप्लाई दी गई थी। इसका जवाब देते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि मैंने मामले की हर ऐंगल से जांच की मांग की है, उसमें यह भी शामिल है। जांच में इसका जवाब खुद ब खुद मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही, इस मौके पर हर गांव में पाखंडियों के खिलाफ एक्शन लिया जाना चाहिए, चाहे उनके पास किसी भी पार्टी का झंडा हो, एक्शन लिया जाना चाहिए ।

मराठी युवकों के लिए लॉजिस्टिक्स कोर्स शुरू

उद्धव ठाकरे ने कहा कि 23 जनवरी को बालासाहब ठाकरे का जन्म शताब्दी वर्ष शुरू हुआ है और तभी मैंने घोषणा की थी कि हम मराठी लोगों के लिए एक कदम आगे बढ़ा रहे हैं। इसी वजह से उन्होंने मराठी युवकों को एक्सपोर्ट इम्पोर्ट लाजिस्टिक कोर्स शुरु करने की घोषणा की है। इसका लाभ मराठी युवकों को होगा। उद्धव ने कहा कि सिर्फ मराठी के नाम पर आंदोलन की बजाय उन्होंने मराठी युवकों को स्वावलंबी बनाने के लिए यह कोर्स शिवसेना यूबीटी की ओर से शुरु किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव