home page

नासिक के मालेगांव में भेल खाने से 140 लोग बीमार

 | 

मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव तहसील में स्थित नंदगांव बुद्रुक गांव के एक साप्ताहिक बाजार में सोमवार को भेल खाने के बाद करीब 140 लोगों के बीमार हो गए। इन सभी को मालेगांव जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिक्षा मंत्री दादा भूसे ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच का आदेश दिया है। इस घटना की छानबीन मालेगांव पुलिस कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि नंदगांव बुद्रुक गांव के साप्ताहिक बाजार में आज शाम भेल खाने के लिए बहुत से लोग जमा हुए थे। भेल खाने के बाद लोगों को चक्कर आने, पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोगों को इलाज के लिए मालेगांव जनरल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बीमार लोगों में छोटे बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं। प्रभावित लोग चिंचवाड़, गुंजलवाड़ी, डोंगरगांव और नंदगांव बुद्रुक के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की ओर से भेल के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जाने और खाद्य पदार्थ के कारणों की जांच किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। हालांकि, बीमारी की वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव