महाराष्ट्र के नासिक में ५ घंटे में भूकंप के २ झटकों से लोगों में दहशत
मुंबई, 09 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक में पिछले ५ घंटों में भूकंप के दो झटकों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे नासिक में 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था और उसके बाद रविवार को सुबह 5.33 बजे 3.3 तीव्रता का झटका महसूस किया गया है। जिला प्रशासन की टीम मौके पर सर्वेक्षण कर रही है।
जिला कलेक्टर आयुष प्रसाद ने रविवार को बताया, लोगों को डरना नहीं चाहिए। उन्हें किसी भी अफ़वाह पर विश्वास नहीं करना चाहिए। हालाँकि, सभी को सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षा के उपाय करने चाहिए।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि भूकंपीय गतिविधि महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के पास हटगढ़ पर्वत श्रृंखला के निकट भानवड़ इलाके में 5 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज की गई है। नासिक शहर और जिले के सुरगाणा, कलवण, देवला, चांदवड़, पेठ, डिंडोरी और निफाड़ तालुकाओं में कुछ जगहों पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए थे।
सुरगाणा तहसील के भादर और डिंडोरी तहसील के नानाशी में की घरों की दीवारों में दरारें आ गई हैं लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि इलाके में बांधों का भी निरीक्षण किया गया, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ है। इससे पहले नासिक जिले में 25 से 28 जुलाई और 6 अगस्त को भी झटके दर्ज किए गए थे। इसी वजह से यहां लोगों में दहशत का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

