home page

नासिक में मालेगांव-चालीसगांव मार्ग पर एसटी बस और ट्रक की टक्कर, दो लोगों की मौत, 11 अन्य घायल

 | 

मुंबई, 19 अगस्त (हि.स.)। नासिक जिले के मालेगांव तहसील में मालेगांव-चालीसगांव मार्ग पर गिगाव फाटा के पास बुधवार सुबह एसटी बस और ट्रक के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मालेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस के अनुसार, एसटी बस आज सुबह मालेगांव-चालीसगांव मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान गिगाव फाटा के पास उसकी ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस हादसे के कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव