नासिक में बेकाबू कार ने पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं को कुचला, सब-इंस्पेक्टर की मौत, 11 से अधिक पुलिसकर्मी घायल
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले में नवरात्र उत्सव के दौरान शनिवार रात एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और श्रद्धालुओं को कुचल दिया। नांदुरी गांव के अभोणा चौराहे पर हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रैफिक पुलिस के सब-इंस्पेक्टर विजय गायकवाड़ की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में 11 से अधिक पुलिसकर्मी और कई श्रद्धालु घायल भी हो गए। घायलों को वणी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए नासिक रेफर किया गया है। नासिक पुलिस मामले की जांच और फरार चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि नवरात्र उत्सव को देखते हुए अभोणा चौराहे पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में बड़े पैमाने पर बैरिकेडिंग की गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई और उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों तथा वहां से गुजर रहे श्रद्धालुओं को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नासिक भेजा गया है।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने फरार कार चालक की तलाश तेज कर दी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई और हादसा किन कारणों से हुआ। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

