नासिक में साईभक्तों को कुचलकर टेंपोचालक फरार, एक की मौत
मुंबई, 21 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के कसारा में मुंबई-नासिक हाइवे पर शनिवार को पैदल चल रहे साईं भक्तों को कुचलकर टेंपो चालक फरार हो गया। इस घटना में एक साईभक्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच साई भक्तों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई से साई भक्त पैदल शिर्डी जा रहे थे। आज सुबह कसारा के पास पैदल चल रहे साई भक्तों को कुचल कर तेज रफ्तार टेंपो चालक फरार हो गया। इस घटना में एक साई भक्त की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही हाईवे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मृतक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जबकि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है। मृतक की पहचान सोमनाथ अधिकारी के रुप में की गई है और वह मुंबई के कंजूर मार्ग का रहने वाला था। जबकि प्रवीण मोरे, संकेत पवार, प्रवीण एलाद, प्रकाश गीते और एक अन्य घायल हो गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

