home page

नासिक में एसटी बस और बाइक की टक्कर, तीन की मौत

 | 

मुंबई, 14 अगस्त(हि.स.)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के देओला तहसील में रामेश्वर फाटा के पास शुक्रवार को तडक़े एसटी बस और बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही देओला पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और तीनों शव बरामद कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की छानबीन देओला पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीती रात पुणे से सतना जा रही एसटी बस आज तडक़े भबाद बाड़ी घाट से नीचे उतर रही थी। रामेश्वर फाटा के पास पहुंचने पर बस की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग बस की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही देओला पुलिस स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस ने शवों को देओला ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव