साधु का भेष बदलकर व्यापारी को लूटने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 07 सितंबर (हि.स.) महाराष्ट्र के नासिक जिले के ओझर में साधु का भेष धारण कर दिनदहाड़े व्यापारी से सोने की दो अंगूठियां लूटने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने मध्य प्रदेश के खलघाट से गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के पास से करीब 2.80 लाख रुपये कीमत का पिघला हुआ सोना बरामद किया गया है। इस मामले की गहन छानबीन ओझर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे ओझर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक महेश कुलकणी ने सोमवार को बताया कि 22 जून को दोपहर करीब 12.30 बजे पंचवटी गणेश मंदिर के पास निर्मल स्वीट परिसर में साधु के वेश में आए दो अज्ञात लोगों ने राकेश शिवप्रसाद शर्मा के हाथों से सोने की दो अंगूठियां लूट ली थीं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हडक़ंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए ओझर पुलिस ने जांच शुरू की।
आरोपिताें ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी जांच और करीब 45 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से पड़ताल से पुलिस को अहम सुराग मिले। आरोपियों की ट्रैवल हिस्ट्री खंगालने के बाद पुलिस टीम मध्य प्रदेश के नर्मदा किनारे स्थित खलघाट पहुंची और भीड़भाड़ वाले इलाके से दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जालिमनाथ कालूनाथ (25) और बंधननाथ मधुनाथ (26) के रूप में हुई है। दोनों मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के कसाराबाद के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से करीब 2 लाख 80 हजार रुपये कीमत का पिघला हुआ सोना, यानी सोने की सिल्लियां, बरामद की हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के गिरोह ने इसी तरीके से अन्य स्थानों पर भी चोरी की है या नहीं। इस मामले की छानबीन जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

