home page

महाराष्ट्र के नंदुरबार के सरकारी हॉस्टल में 22 लड़कियों को जहर देने के प्रयास का आरोप, छानबीन जारी

 | 

मुंबई, 23 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिला स्थित सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट के गर्ल्स हॉस्टल में छात्राओं ने 22 लड़कियों को जहर देने के प्रयास का आरोप लगाया है। इसके विरोध में स्टूडेंट्स ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के साथ मिलकर हॉस्टल के बाहर मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स ने नारे लगाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले की छानबीन नंदुरबार पुलिस कर रही है।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में सोमवार शाम को दो महिला कर्मचारियों के बीच कथित बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई है। इस ऑडियो क्लिप में आरोप है कि लड़कियों के खाने और पानी में जहर डालने की बात हो रही है। यह रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे जिले में हडक़ंप मच गया है।

स्टूडेंट काउंसिल के साथ-साथ हॉस्टल की छात्राओं ने भी इस घटना के खिलाफ कड़ा गुस्सा जताया है। वे संबंधित महिला कर्मचारी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की मांग कर रही हैं। इससे स्टूडेंट्स की सुरक्षा का मुद्दा सामने आया है और हॉस्टल एडमिनिस्ट्रेशन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। इसके बाद आज सुबह से यहां की छात्राओं ने हॉस्टल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस बारे में पहले भी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि स्टूडेंट्स की जान से खेलने वाले दोषी स्टाफ को तुरंत सस्पेंड किया जाए और उनके खिलाफ क्रिमिनल केस दर्ज किया जाए। यह 22 लड़कियों की जान से सीधा खिलवाड़ है। अगर सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट के हॉस्टल में ऐसी चीजें हो रही हैं, तो माता-पिता अपनी बेटियों को यहां कैसे भेज सकते हैं?

ऑडियो क्लिप में साफ सबूत होने के बावजूद एडमिनिस्ट्रेशन कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है? किसका साथ दिया जा रहा है? स्टूडेंट काउंसिल ने चेतावनी दी है कि दोषी महिला कर्मचारियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए, नहीं तो यह विरोध पूरे जिले में तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव