नांदेड़ जिले में पुरानी रंजिश से तीन लोगों की हत्या, जांच जारी
मुंबई, 04 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में स्थित ई-स्क्वायर इलाके में दो गुटों में पुरानी रंजिश की वजह से हुए गैंगवार की वजह से तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। इस घटना की छानबीन नांदेड़ शहर की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि बीती रात शहर के कैनाल रोड पर ई-स्क्वायर इलाके में कुछ हमलावरों ने पुरानी रंजिश की वजह से अरिजीत सिंह गजानन चव्हाण पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 25 साल के अरिजीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। लेकिन इस घटना में अरिजीत सिंह पर हमला करने आए सैयद अवेज़ सैयद खलील, और मोहम्मद अरबाज मोहम्मद फारूक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इन दोनों को पुलिस ने तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन शनिवार को तडक़े मृतक अरिजीत सिंह का भाई राजेश चव्हाण हाथ में चाकू लेकर सरकारी अस्पताल में घुस गया। उसने एक्सीडेंट डिपार्टमेंट के पास इलाज करा रहे सैयद आवेज (27) और मोहम्मद अरबाज (23) पर चाकू से वार किया। जिससे दोनों की शनिवार को सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना में की जांच फोरेंसिक टीम और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से की जा रही है। लेकिन इस घटना से शहर में दहशत फैल गई है।
पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार ने मीडिया को बताया कि इस घटना में फरार आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम बनाई गई है। आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

