home page

नांदेड़ में टेंपो खाई में गिरने से तीन की मौत, ५ घायल

 | 
नांदेड़ में टेंपो खाई में गिरने से तीन की मौत, ५ घायल


मुंबई, 16 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के माहुर इलाके में किरोली घाट पर शुक्रवार को सुबह एक टेंपो अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही नांदेड़ पुलिस मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य शुरु कर दिया है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि यवतमाल जिले के भक्तगण नांदेड़ स्थित माहुर में रेणुका माता के दर्शन के लिए आए थे। आज सुबह सभी भक्तगण टेंपो से यवतमाल लौट रहे थे। उनका टेंपो जैसे ही माहुर में किरोली घाट में एक घुमावदार मोड़ पर पहुंचा, ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया जिससे तेज रफ्तार टेंपो सीधे गहरी खाड़ी में गिर गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद स्थानीय लोगों, क्रेन और पुलिस की मदद से बचाव अभियान चलाया गया।

घायलों और शवों को घाटी में गिरे टेम्पो से बाहर निकाला गया। इस भयानक हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, और पांच गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं को तुरंत माहुर के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनका अभी वहां इलाज चल रहा है। नांदेड़ पुलिस इस घटना में मृतकों और घायलों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव