नालासोपारा में तेजरफ्तार कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत
मुंबई, 20 अगस्त (हि.स.)। पालघर जिले के नालासोपारा में स्थित दत्तनगर इलाके में गुरुवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मृतक महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना की छानबीन तुलिंज पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में श्रेया मिसाल (32) गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, प्रगति मोरे (36) का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
तुलिंज पुलिस स्टेशन की टीम ने इस घटना में नाबालिग चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कार मालिक राजेश शाह और महेश नाइक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार में शराब की बोतलें मिली थीं। पुलिस इस दावे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के वक्त नाबालिग चालक ने शराब का सेवन किया था या नहीं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग को कार कैसे दी गई और वाहन मालिकों की इसमें क्या भूमिका थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

