home page

सिंहस्थ महाकुंभ मेले पर नासिक की ब्रांडिंग के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करें: प्रधान सचिव ब्रिजेश सिंह

 | 

मुंबई, 16 सितंबर (हि.स) । महाराष्ट्र के सूचना एवं जनसंपर्क महासंचालनालय के प्रधान सचिव एवं महासंचालक ब्रिजेश सिंह ने बुधवार को कहा कि अगले वर्ष नासिक-त्र्यंबकेश्वर में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के माध्यम से नासिक की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी पहचान को देश के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर पहुंचाने के लिए व्यापक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें।

महासंचालक ब्रिजेश सिंह की उपस्थिति में नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण के सभागार में मीडिया कार्ययोजना के संबंध में बुधवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी।

महासंचालक ब्रिजेश सिंह ने कहा कि नासिक-त्र्यंबकेश्वर में 12 वर्षों के बाद कुंभ मेला आयोजित हो रहा है। कुंभ मेले की वैश्विक स्तर पर प्रभावी ब्रांडिंग के लिए पारंपरिक माध्यमों के साथ-साथ डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, दृश्य-श्रव्य माध्यमों तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म का समन्वित रूप से उपयोग किया जाए। इसके लिए व्यापक और सर्वांगीण कार्ययोजना तैयार की जाए। नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले की विशेषताएं, धार्मिक परंपराएं, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, गोदावरी नदी तथा प्रमुख तीर्थस्थलों की जानकारी देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए योजनाबद्ध अभियान चलाया जाए। कुंभ मेले के अवसर पर नासिक-त्र्यंबकेश्वर की विशिष्ट पर्यटन पहचान विकसित करने के साथ ही आध्यात्मिक स्थलों, स्थानीय कला एवं संस्कृति, खान-पान की परंपराओं, विरासत स्थलों और पर्यटन स्थलों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण करने पर भी जोर दिया जाए। इसके लिए विभिन्न मीडिया माध्यमों के लिए अलग-अलग सामग्री तैयार करने, प्रचार सामग्री तथा सोशल मीडिया अभियान का सूक्ष्म नियोजन किया जाए। कुंभ मेले की पृष्ठभूमि में नासिक-त्र्यंबकेश्वर सहित जिले में चल रहे विभिन्न दीर्घकालीन बुनियादी सुविधाओं के विकास की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाए। गलत सूचनाओं और अफवाहों का तत्काल खंडन किया जाए, ऐसे निर्देश भी उन्होंने दिए। कुंभ मेला आयुक्त शेखर सिंह ने प्राधिकरण के माध्यम से किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक के बाद महासंचालक ब्रिजेश सिंह ने रामकुंड परिसर का दौरा कर निरीक्षण किया। कुंभ मेले के मद्देनजर श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं, प्रमुख स्थलों के मीडिया प्रस्तुतीकरण तथा प्रचार-प्रसार की दृष्टि से आवश्यक विभिन्न पहलुओं की उन्होंने जानकारी ली।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त डॉ. संदीप कर्णिक, कुंभ मेला प्राधिकरण के आयुक्त शेखर सिंह, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संचालक डॉ. किशोर गांगुर्डे, प्राधिकरण के अतिरिक्त आयुक्त कमलाकर रणदिवे, नासिक विभाग के उपसंचालक डॉ. किरण मोघे, जिला सूचना अधिकारी विलास बोडके, महासंचालक के विशेष कार्य अधिकारी इरशाद बागवान, वृत्तचित्र विभाग के वरिष्ठ सहायक संचालक सागरकुमार कांबले सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव