home page

नासिक में दो वाहनों की टक्कर में बाप-बेटी की मौत, मां घायल

 | 

मुंबई, 29 अगस्त (हि.स.)। नासिक जिले के पुणे-नासिक हाइवे बीती रात किंगफा कंपनी के पास एक मालवाहक ट्रक और एक मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में बाप-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटर साइकिल पर सवार मां घायल हो गई।

इस घटना की जानकारी मिलते ही नासिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल मां का इलाज नजदीकी अस्पताल में हो रहा है।

घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान राजेंद्र बंदा भोर (42) और उनकी बेटी मयूरी राजेंद्र भोर (14) के रूप में हुई है। जबकि इस घटना में राजेंद्र की पत्नी वैशाली राजेंद्र भोर (36) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनका चाकण के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। भोर परिवार मूल रूप से अवसारी खुर्द (तहसील अंबेगांव) का रहने वाला है और वर्तमान में निरगुडसर में रह रहा था। वैशाली भोर का मायका मावल तालुका के मिंडेवाड़ी में है।

रक्षाबंधन के लिए राजेंद्र भोर अपनी पत्नी और बेटी के साथ मोटरसाइकिल से मिंडेवाड़ी जा रहे थे। इसी दौरान किंगफा कंपनी के पास एक मालवाहक ट्रक ने उनके मोटरसाईकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र भोर और मयूरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वैशाली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव