home page

नासिक में 15 करोड़ की धनवर्षा का झांसा देने वाले चार आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 11 सितंबर (हि.स.)। नासिक के कलवण इलाके में 15 करोड़ रुपये की ‘धनवर्षा’ कराने का झांसा देकर एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से करीब 12 लाख रुपये ठगने वाले चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की गहन छानबीन अभोना पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में शिकायतकर्ता राजाराम सीताराम शेलार (65), निवासी राजेंद्रनगर, बोरीवली, मुंबई नगरनिगम के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। शेलार को उनके एक दोस्त के परिचितों ने कलवण तहसील के पिंपल खुर्द निवासी हीराचंद शिवाजी बारडे से मिलवाया था। उन्हें बताया गया कि बारडे मंत्र-तंत्र और पूजा-पाठ के जरिए पैसों की बारिश करा सकता है। शुरुआत में बारडे ने पूजा का नाटक कर शेलार का विश्वास जीता। इसके बाद उसने दावा किया कि पांच लोग 11-11 लाख रुपये दें तो वह 15 करोड़ रुपये की धनवर्षा करा सकता है। इस झांसे में आकर शेलार ने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से करीब 10 लाख 95 हजार रुपये आरोपितों को दिए। आरोपितों ने पूजा के दौरान चावल, अगरबत्ती और नारियल आदि का इस्तेमाल किया और मंत्र पढ़कर चमत्कार होने का नाटक किया। इसके बाद उन्होंने नोटों से भरी एक बोरी शेलार को देते हुए दावा किया कि तीन करोड़ रुपये की धनवर्षा हुई है। साथ ही सात दिनों तक बिना पूजा किए बोरी नहीं खोलने की हिदायत दी और कहा कि ऐसा करने पर भगवान नाराज हो जाएंगे। इसी दौरान शेलार की मौसी का निधन हो गया और वह बोरी की पूजा नहीं कर सके। आरोपितों ने इसका फायदा उठाते हुए कहा कि पूजा नहीं होने से पैसे ‘अशुद्ध’ हो गए हैं और उन्हें शुद्ध करने के लिए दोबारा पूजा करनी होगी। इसके नाम पर आरोपितों ने शेलार से और पैसे ऐंठ लिए। जब शेलार ने बोरी खोली तो उसमें मौजूद नोटों के बंडलों में केवल एक असली नोट था, जबकि बाकी नकली नोट निकले। ठगी का पता चलने पर शेलार ने आरोपियों से पैसे वापस मांगे तो उन्हें गायब करने और जान से मारने की धमकी दी गई। शेलार ने इसके बाद महाराष्ट्र अंनिस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. टी. आर. गौराने और प्रदेश सदस्य कृष्ण चांदगुड़े से संपर्क किया। उनकी मदद से अभोना पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

अभोना पुलिस थाने की प्रभारी पुलिस निरीक्षक योगिता कोकाटे ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने हीराचंद शिवाजी बारडे समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के खिलाफ महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, अनिष्ट एवं अघोरी प्रथाएं तथा जादू-टोना प्रतिबंध अधिनियम के साथ ही धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में हीराचंद शिवाजी बारडे, रामचंद्र शिवाजी बारडे, विशाल पवार, सुमित्रा संजय बारडे, रवींद्र विजय पवार, सोमनाथ बारमाटे और चिंतामन चौरे के खिलाफ केस दर्ज है। इनमें सोमनाथ बारमाटे, चिंतामन चौरे और विशाल पवार फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की एक टीम गठित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव