home page

गोरेगांव में म्यूजिक- इवेंट-ड्रग मामले में छह आरोपितों को तीन दिन की पुलिस कस्टडी

 | 

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई के गोरेगांव नेस्को सेंटर में म्यूजिक इवेंट में ड्रग ओव्हरडोज मामले में गिरफ्तार छह आरोपितों को मंगलवार को मालाड मैजिस्ट्रेट अदालत ने तीन दिन पुलिस की कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। इस मामले में वनराई पुलिस स्टेशन की टीम ने बीती रात छह आरोपितों को गिरफ्तार किया था और सुबह इन सभी को मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया था।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि 11 अप्रैल को गोरेगांव में स्थित नेस्को सेंटर में एक म्यूजिक का इवेंट हुआ था। इस इवेंट में छात्रों सहित करीब दो हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए थे। इवेंट में ड्रग की भी सप्लाई की गई थी। ड्रग की ओवर डोज होने से दो छात्रों को नजदीकी ट्रामा सेंटर अस्पताल में और एक छात्र को लाइफलाइन अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इनमें से 2 लोगों की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

इस कारण से वनराई पुलिस स्टेशन की टीम ने म्यूजिक इवेंट के विरुद्ध मामला दर्ज किया था और बीती रात इस मामले में आकाश समल, सनी जैन, बालकृष्ण कुरूप, आनंद पटेल, प्रतीक पांडे और रौनक खंडेलवाल को गिरफ्तार किया था। इन सभी आरोपितों को आज मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया और अदालत ने इन सभी को 16 तारीख तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। इस मामले की गहन छानबीन जारी है और पार्टी में ड्रग कहां से आया, इसकी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव