मीरा रोड हत्या मामले का मुख्य आरोपित 9 साल बाद झारखंड से गिरफ्तार
मुंबई, 21 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई स्थित मीरा रोड के मीरा गांव में हुए शामू लहरी गौड़ हत्या मामले के आरोपित राजेश रविदास (34) को पुलिस ने 9 साल बाद झारखंड के हजारीबाग से गिरफ्तार किया है। काशीमीरा पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले में आरोपित से गहन छानबीन कर रही है।
काशीमीरा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार शिंदे ने मंगलवार को बताया कि मीरा गांव में 6 अप्रैल, 2017 को शामू लहरी गौड़ (50) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने सुनील कुमार रजक और एक अन्य आरोपित को गिरफ्तार किया था , जबकि इस मामले में आरोपित राजेश रविदास फरार था। इस मामले की जांच के दौरान पता चला कि शामू लहरी ने आरोपित सुनील कुमार रजक को पांच लाख रुपये 2015 में दिए थे। लेकिन सुनील यह पैसे शामू लहरी को नहीं दे रहा था। जब शामू लहरी ने अपने पैसे मांगने लगा तो आरोपित सुनील ने राजेश रविदास को 2 लाख रुपये की सुपारी देकर झारखंड से मीरा रोड बुलाया और शामू लहरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने सुनील और उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया था। इन दोनों को अदालत ने मार्च 2026 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी, लेकिन गोली चलाने वाला मुख्य शूटर राजेश रविदास फरार था। इसी मामले में काशीमीरा पुलिस स्टेशन की टीम ने तकनीकी जांच से राजेश रविदास को झारखंड के हजारीबाग से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार राजेश रविदास एक सीरियल क्रिमिनल है, जो पहले भी झारखंड के तलैया थाने की सीमा में 1.5 लाख रुपये की सुपारी लेकर एक व्यक्ति की हत्या कर चुका है। हजारीबाग कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद, अब उसे आगे की जांच के लिए काशीमीरा पुलिस को सौंप दिया गया है। इस मामले की छानबीन जारी है।
______________
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

