home page

मुंबई में एक सप्ताह में दस करोड़ का नशीला पदार्थ जब्त, दस आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 08 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक सप्ताह में शहर के अलग-अलग इलाकों में छापा मारकर 29.292 किलोग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया और दस आरोपितों को गिरफ्तार किया। बरामद किए गए नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत 10 करोड़ 14 लाख 46 हज़ार 100 रुपये आंकी गई है। सभी मामलों की गहन छानबीन जारी है।

एंटी-नारकोटिक्स स्क्वाड के पुलिस उपायुक्त नवनाथ धवले ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने एक सप्ताह विशेष जांच मुहिम शुरु किया था। इस ऑपरेशन के दौरान 1 अप्रैल 2026 से 7 अप्रैल 2026 तक वडाला, अंधेरी, बांद्रा, मलाड, नागपाड़ा, घाटकोपर, धारावी, माहिम, गोरेगांव आदि इलाकों में ड्रग को लेकर छापा मारा गया। इस दौरान वडाला टीटी रोड इलाके में ड्रग बेचने वाले आरोपितों से 218 ग्राम ड्रग ज़ब्त किया गया। विले पार्ले इलाके से 7.690 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा ज़ब्त किया गया। वडाला टीटी इलाके से 20.700 किलोग्राम गांजा ज़ब्त किया गया। इसी तरह नागपाड़ा इलाके से 117 ग्राम ड्रग ज़ब्त किया गया। इसके अलावा गोरेगांव, धारावी, अंधेरी और माहिम इलाकों में अलग-अलग ऑपरेशन में 281 ग्राम ड्रग ज़ब्त किया गया। बांद्रा इलाके से 163 ग्राम ड्रग और मलाड से 123 ग्राम ड्रग ज़ब्त किया गया। इन सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए हैं और संबंधित यूनिट आगे की जांच कर रही है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव