home page

मुंबई-पुणे हाइवे पर यातायात पूर्ववत, ड्राइवरों को प्रशिक्षित किया जाना जरुरी : जितेंद्र डूडी

 | 
मुंबई-पुणे हाइवे पर यातायात पूर्ववत, ड्राइवरों को प्रशिक्षित किया जाना जरुरी : जितेंद्र डूडी


मुंबई, 05 फरवरी (हि.स.)। महाराष्ट्र के पुणे जिले के जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने गुरुवार को बताया कि मुंबई-पुणे हाईवे पर यातायात पूर्ववत हो गया है। इस घटना के बाद ड्राइवरों को खतरे के समय सटीक निर्णय लेने के लिए प्रशिक्षित दिए जाने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मांगा है जो अतिशीघ्र दे दी जाएगी।

पुणे के जिलाधिकारी डूडी ने आज बताया कि पुणे-मुंबई यशवंतराव चव्हाण हाइवे पर अडोशी टनल के पास मंगलवार शाम को ज्वलनशील केमिकल गैस ले जा रहा एक टैंकर पलट गया। टैंकर से गैस लीक होने की वजह से सुरक्षा कारणों से दोनों तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह से बंद कर दिया गया था, जिससे हाइवे पर दो दिनों से ज़्यादा समय तक ट्रैफिक जाम रहा। हाइवे के साथ-साथ पुराना मुंबई-पुणे हाईवे भी प्रभावित हुआ, जिससे 22 से 25 किलोमीटर तक गाडिय़ों की लंबी कतारें लग गईं।

बुधवार देर रात तक टैंकर को किनारे कर दिया गया और कुछ ट्रैफिक फिर से शुरू हो गया। बदकिस्मती से कल हुए हादसे में जो गैस थी, वह बहुत ज़्यादा ज्वलनशील थी, जिसकी वजह से हमें समय लगा, हम आगे ऐसे हादसे न हों, इसके लिए एक्शन ले रहे हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में आज विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा है, जो जल्द ही भेज दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मुंबई-पुणे हाईवे पर अडोशी टनल के पास ज्वलनशील प्रोपेन गैस ले जा रहा टैंकर पलट जाने से हाईवे पर गाडिय़ों की कतार लग गई थी। हजारों ड्राइवर, यात्री, बच्चे, सीनियर सिटिजन और कुछ मरीज कई घंटों तक सडक़ पर फंसे रहे। कई पैसेंजर की फ्लाइट छूट गई, जबकि मुंबई में सब्जियां और खेती का सामान ले जा रही गाडिय़ां लेट हो गईं, जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ। पानी, खाना और टॉयलेट की ठीक से सुविधा न होने की वजह से पैसेंजर को बहुत परेशानी हुई। मंगलवार शाम करीब 5 बजे हुए हादसे के बाद, गैस लीक को रोकने के लिए रात में एक एक्सपर्ट टीम को बुलाया गया। हालांकि, जब लीक नहीं रुका, तो सुबह एक नई टीम ने फिर से कोशिशें शुरू कीं। सुरक्षा कारणों से दोनों तरफ ट्रैफिक बंद होने से जाम और बढ़ गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव