मुंबई और एमएमआर क्षेत्र में ऑटो-टैक्सी की हड़ताल में शामिल नहीं है मेंस यूनियन
मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में कुछ ऑटो-रिक्शा और टैक्सी संगठनों की ओर से सोमवार से बुलाई गई दो दिवसीय हड़ताल के बीच मुंबई ऑटो रिक्शा मेंस यूनियन ने स्पष्ट किया है कि उसका संगठन मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) क्षेत्र में इस बंद में शामिल नहीं है।
यूनियन के अध्यक्ष शशांक राव ने कहा कि मुंबई और ठाणे जिले में ऑटो-रिक्शा तथा टैक्सियां सामान्य रूप से चल रही हैं। उन्होंने कहा कि रैपिडो से जुड़े वाहनों के मुद्दे पर सबसे पहले उनके संगठन ने आवाज उठाई थी, लेकिन मौजूदा हड़ताल में यूनियन शामिल नहीं है।
राव ने परिवहन आयुक्त के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए कहा कि सरकार को अगले 15 से 20 दिनों के भीतर अवैध ऑटो-रिक्शा और टैक्सियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू करनी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर संगठन आगे की रणनीति तय करेगा।
इस बीच पुणे, नासिक, पिंपरी-चिंचवड़, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर और कोल्हापुर जैसे शहरों में बाबा कांबले के नेतृत्व वाली ऑटो रिक्शा पंचायत समिति और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के समर्थन से हड़ताल का असर देखा जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि रैपिडो ऐप से जुड़े ऑटो-रिक्शा और टैक्सी के विरोध में कुछ संगठनों ने सोमवार से दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राघवेंद्र त्रिपाठी

