भांडुप में शादी समारोह में फूड पॉइजनिंग, दूल्हा-दुल्हन समेत 30 बाराती अस्पताल में भर्ती
मुंबई, 02 नवंबर (हि.स.)। मुंबई के भांडुप-नाहुर इलाके में शादी समारोह के दौरान खाना खाने से दूल्हा-दुल्हन समेत 30 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को मुलुंड और विक्रोली के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है। इस मामले की छानबीन मुलुंड पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 01 नवंबर की रात नाहुर पश्चिम स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में शादी समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में करीब 400 लोगों ने भोजन किया था। बताया जा रहा है कि भोजन के दौरान आखिरी कतार में बैठे 30 लोगों की तबीयत अचानक बिगडऩे लगी। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। हालत बिगडऩे पर सभी को रात में मुलुंड के एम.टी. अग्रवाल म्युनिसिपल अस्पताल ले जाया गया। कुछ मरीजों को मुलुंड के वर्कर्स अस्पताल और विक्रोली के म्युनिसिपल अस्पताल में भी भर्ती कराया गया।
एम.टी. अग्रवाल अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. राजू सिंह राठौड़ के मुताबिक, भर्ती मरीजों में दो बच्चे, नौ पुरुष और 11 महिलाएं शामिल हैं। एक महिला अस्पताल से छुट्टी लेकर खुद घर चली गई, जबकि अन्य मरीजों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। समय पर उपचार मिलने के कारण सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है। अन्य सात मरीजों का इलाज अन्य अस्पताल में हो रहा है। पुलिस ने भोजन का सैंपल लेकर प्रयोग शाला में भेज दिया है, मामले की जांच जारी है।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंडे ने इस घटना को गंभीर बताया और मामले की छानबीन किए जाने और लापरवाही करने वाले कांट्रैक्टर पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

