home page

मुलुंड में बीएमसी के लेबर कैंप में आग लगने से हडक़ंप, कोई हताहत नहीं

 | 

मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुलुंड पूर्व में गुरुवार को बीएमसी के पुनर्वास प्रोजेक्ट की निर्माणाधीन साइट स्थित लेबर कैंप में अचानक आग लग जाने से हडक़ंप मच गया। इस घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास कर रही है। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुलुंड में निर्माणाधीन इमारत के पास बने लेबर कैंप में आज दोपहर में अचानक आग लग गई। शुरुआती दौर में आग छोटी थी, लेकिन देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। इस दौरान साइट पर रखे गैस सिलेंडरों में धमाके होने लगे। घटनास्थल पर कुल सात गैस सिलेंडर फटने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया है। साइट पर मौजूद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव