home page

अरावली एक्सप्रेस में पुलिस कर्मियों पर हमला करने पर मॉडल गिरफ्तार और रिहा

 | 

मुंबई, 16 अगस्त, (हि.स.)। ठाणे की 31 वर्षीय मॉडल अंतरा सोहम बनर्जी को अरावली एक्सप्रेस के आरक्षित एसी कोच में कथित तौर पर हंगामा और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों पर रेजर ब्लेड से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। इस मामले की छानबीन बोरीवली जीआरपी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

बोरीवली जीआरपी इंस्पेक्टर कुंडा गावड़े ने रविवार को बताया कि 12 अगस्त की रात बनर्जी शूटिंग असाइनमेंट के लिए सूरत जा रही थीं। उनके पास स्लीपर क्लास का टिकट था, लेकिन वह कथित तौर पर आरक्षित एसी कोच में सवार हो गईं। बोरीवली और दहानू के बीच रात करीब 9.30 से 10.50 बजे के बीच एक यात्री ने उनसे सीट खाली करने को कहा, जिसके बाद मामला टिकट कलेक्टर और आरपीएफ पुलिस कर्मियों तक पहुंचा। इसके बाद आरपीएफ के सहायक उपनिरीक्षक यामिनीकांत मिश्रा और कांस्टेबल राजेश कुमार ने मामले में हस्तक्षेप किया।

आरोप है कि बनर्जी ने उनके साथ गाली-गलौज की और हिंसक व्यवहार किया। पुलिस शिकायत में रेजर ब्लेड से हमला करने तथा आरपीएफ पुलिस कर्मी की वर्दी और मोबाइल फोन को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। स्थिति बिगडऩे से रोकने के लिए आरपीएफ पुलिस कर्मियों ने कोच के दरवाजे बंद कर दिए। इसके बाद बनर्जी ने कांच तोडक़र बाहर निकलने की कोशिश की। बाद में उन्हें दहानू रेलवे स्टेशन पर उतारकर सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया गया था।

कुंडा गावड़े ने बताया कि शुरुआती पूछताछ और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से संकेत मिलता है कि एसी कोच का टिकट नहीं मिलने को लेकर बनर्जी परेशान हो सकती थीं। पुलिस ने बताया कि उन्होंने रिश्तेदारों से संपर्क करने या कानूनी सहायता लेने से इनकार किया और गिरफ्तारी की मांग की। मामला दर्ज होने के बाद वह कथित तौर पर शांत हो गईं। 13 अगस्त को दर्ज मामले में सुरक्षा को खतरे में डालने, सरकारी कर्मचारियों को चोट पहुंचाने, हमला करने और जानबूझकर अपमान करने सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत नोटिस देने के बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव