home page

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महायुति ने जीतीं दो शिक्षक सीटें, तीन पर मतगणना जारी

 | 

- पुणे से भाजपा के कौस्तुभ गावड़े और अमरावती से शिवसेना के किरण सरनाईक विजयी- नागपुर, पुणे और संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के अंतिम परिणाम का इंतजार

मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना में बुधवार को महायुति ने दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की है। पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कौस्तुभ गावड़े और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से शिवसेना (शिंदे गुट) के किरण सरनाईक विजयी हुए हैं। वहीं, तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है।

विधान परिषद की पांच सीटों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इनमें दो शिक्षक और तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। करीब 32 घंटे की मतगणना के बाद बुधवार को पुणे और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के अंतिम परिणाम घोषित किए गए।

अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार किरण सरनाईक ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस की अदिति पोहरे को पराजित किया। इस सीट पर श्रीकांत देशपांडे तीसरे स्थान पर रहे। किरण सरनाईक ने अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार जीत हासिल की है।

इसी तरह पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े विजयी हुए। यहां शिवसेना (शिंदे गुट) के सचिन सानप दूसरे और कांग्रेस के जयंत आसगांवकर तीसरे स्थान पर रहे। इन दोनों सीटों पर जीत के साथ महायुति ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में सफलता हासिल की है।

उधर, नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले और कांग्रेस के अभिजीत बंजारी के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। ताजा रुझानों में कोहले आगे हैं।

पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी की ओर से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख जाधव भाजपा की स्मिता जाधव से आगे चल रही हैं।

वहीं, संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में महाविकास आघाड़ी के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) उम्मीदवार प्रताप सिंह पाटिल ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) के सतीश चव्हाण पर बढ़त बना रखी है।

तीनों स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है। इनके अंतिम परिणाम देर रात तक घोषित होने की संभावना है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव