home page

मुंबई में विधायक सुनील प्रभु की कार की चपेट में आने से पैदल यात्री घायल

 | 

मुंबई, 18 सितंबर (हि.स.)। मुंबई के विलेपार्ले इलाके में शुक्रवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट के विधायक सुनील प्रभु की कार की चपेट में आने से एक पैदल यात्री घायल हो गया। घायल की पहचान सुनील धूलविया के रूप में हुई है। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विलेपार्ले पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह सुनील प्रभु मुंबई एयरपोर्ट से कांदिवली की ओर जा रहे थे। कार उनका चालक चला रहा था। विलेपार्ले इलाके में कार का नियंत्रण बिगड़ गया और सड़क पार कर रहे सुनील धूलविया को टक्कर लग गई। हादसे में धूलविया घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारणों और कार का नियंत्रण किन परिस्थितियों में बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव