पुणे में शैम्पू और केमिकल से नकली दूध बनाने वाले 24 आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 10 अगस्त (हि.स.)। पुणे जिले के मंचर इलाके में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) और पुणे ग्रामीण पुलिस ने मिलावटी दूध के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 24 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपित शैम्पू, पाम ऑयल, विभिन्न केमिकल और म_ा पाउडर समेत अन्य सामग्री का इस्तेमाल कर नकली दूध तैयार कर रहे थे। मंचर पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की जांच कर रही है।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप गिल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 24 आरोपी अलग-अलग स्तर पर इस अवैध कारोबार में शामिल थे। जांच में पता चला कि दूध तैयार करने के लिए इमल्सीफायर, पाम ऑयल, म_ा पाउडर, शैम्पू और अन्य रसायनों का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपित इन सामग्रियों को मिलाकर एक मिश्रण तैयार करते थे, जिसका इस्तेमाल मिलावटी दूध बनाने में किया जाता था। जांच के अनुसार, इमल्सीफायर का इस्तेमाल तेल और पानी के कणों को एक साथ बनाए रखने के लिए किया जाता था। वहीं, कम कीमत वाले पाम ऑयल का इस्तेमाल दूध की वसा के विकल्प के तौर पर किया जाता था, जिससे इस अवैध कारोबार में लागत कम कर अधिक मुनाफा कमाया जा सके। पुलिस और एफडीए की कार्रवाई के दौरान संबंधित स्थानों पर बने गोदामों से मिलावट में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्रियां भी बरामद की गई हैं। इस मामले में शुरुआत में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जांच आगे बढ़ने के साथ गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

