मीरा रोड में 23 लाख 30 हजार रुपये की ड्रग्स जब्त, तीन गिरफ्तार
मुंबई, 26 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई से सटे मीरा-भायंदर शहर में पुलिस ने पिछले दो दिनों में अलग-अलग कार्रवाई में कुल 23 लाख 30 हज़ार रुपये का नशीला पदार्थ ज़ब्त किया है। इन मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की छानबीन जारी है।
मीरा-भायंदर पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स सेल के पुलिस इंस्पेक्टर समीर शेख ने रविवार को बताया कि उनकी टीम शहर के कई इलाकों में पिछले दो दिनों से नशीले पदार्थ के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। इसके उनकी टीम ने 24 अप्रैल को आधी रात करीब 12.45 बजे पुलिस ने मीरा रोड में वेस्टर्न होटल के पास टियारा हिल्स सोसाइटी के पास जाल बिछाया और दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक अरशद अली हुसैन अली नकवी (38) के पास से 59 ग्राम मेफेड्रोन नामक नशीला पदार्थ ज़ब्त किया गया, जिसकी कीमत 11,80,000 रुपये थी। जबकि उसके साथी हुसैन अली फिरोज अली बादामी, (31) के पास से 41.9 ग्राम मेफेड्रोन मिला, जिसकी कीमत 8,38,000 रुपये थी। इस ऑपरेशन में क्राइम के लिए इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी ज़ब्त कर ली गई है। इन दोनों के विरुद्ध काशीगांव पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
इसी तरह एक अन्य मामले में पुलिस ने नयानगर में एक वड़ा पाव बेचने वाले को ड्रग्स बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इस मामले में आरोपित फारूक यूसुफ खान (50) के घर की तलाशी के दौरान 12.480 ग्राम हेरोइन मिली। नयानगर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले की छानबीन पुलिस इंस्पेक्टर शैलेंद्र पाटिल कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

