home page

सांगली में मिराज अस्पताल का प्रवेश द्वार गिरने से सात मजदूर घायल

 | 

मुंबई, 21 सितंबर (हि.स.)। सांगली जिले के मिराज सरकारी अस्पताल का निर्माणाधीन प्रवेश द्वार सोमवार को दोपहर में अचानक गिर जाने से सात मजदूर घायल हो गए। सभी घायल मजदूरों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना की गहन छानबीन सांगली पुलिस कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मिराज अस्पताल के मुख्य दरवाजे पर प्रवेश द्वार बनाने का काम जारी था और यहां करीब २५ मजदूर काम कर रहे थे। आज दोपहर में निर्माणाधीन प्रवेश द्वार का स्लैब अचानक गिर गया। इस घटना में 7 मजदूर प्रवेश द्वार के मलबे में दब गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सभी मजदूरों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया। इस घटना में घायल मज़दूरों की पहचान अकीबुल शेख, अनीशरहमान मलिक, अरविंद कुमार, शाहिद शेख, कादर शेख, मिनारुल शेख और सियाराम चौधरी के तौर पर हुई है, ये सभी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। इस घटना की जानकारी मिलने पर सांगली जिले के पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्पना बारावकर, पुलिस उपअधीक्षक अजय कोकाटे ,महापौर धीरज सूर्यवंशी ने घटनास्थल का दौरा किया और अस्पताल में जाकर घायल मज़दूरों से मुलाकात की। इस घटना की गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव