home page

पुणे में बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम

 | 

-आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का दिया आश्वासन

मुंबई, 19 अगस्त (हि.स.)। पुणे जिले के जुन्नर तहसील के पिंपलवंडी गांव में साढ़े नौ साल की बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की घटना से इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने बुधवार को पुणे-नासिक हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस अधिकारियों की ओर से आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।

पुणे के पुलिस अधीक्षक संदीप गिल ने बुधवार को घटनास्थल का दौरा किया और ग्रामीणों से मुलाकात कर मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की गहन जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पिंपलवंडी गांव के एक युवक ने बच्ची से अपनी जान-पहचान का फायदा उठाकर उसे बहला-फुसलाकर गांव के बाहर ले गया। आरोप है कि वह उसे गन्ने के खेत के पास ले गया, जहां बच्ची के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।

बच्ची के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसके आधार पर आरोपित की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस मामले में आरोपित से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव