home page

आम किसानों की जमीन सरकारी कब्जे में लेने का सवाल ही नहीं : बावनकुले

 | 

- तीन साल से खेती नहीं होने वाली जमीनों के प्रबंधन का प्रावधान बड़े निवेशकों और कारोबारियों पर लागू होगा- नागपुर की जलापूर्ति के लिए 1,400 करोड़ रुपये की योजना, अगले 50 वर्षों तक पानी की समस्या दूर करने का लक्ष्य- सूखे के मद्देनजर माइक्रोफाइनेंस कंपनियों को आठ महीने तक कर्ज वसूली रोकने का निर्देश

मुंबई, 23 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने तीन साल से अधिक समय तक खेती नहीं होने वाली कृषि भूमि को सरकारी प्रबंधन में लेने के प्रावधान को लेकर उठे विवाद पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया है। सामान्य किसानों की जमीन सरकारी प्रबंधन में लेने का सवाल ही नहीं उठता। यह प्रावधान उन बड़े कारोबारियों और निवेशकों के लिए है, जिन्होंने किसानों से 50 से 400 एकड़ तक कृषि भूमि खरीदकर उसे लैंड बैंक या फार्महाउस के रूप में विकसित किया है, लेकिन वर्षों से उस पर खेती नहीं की जा रही है।

स्वाभिमानी शेतकरी संगठन के नेता राजू शेट्टी सहित कई किसान नेताओं ने तीन साल तक खेती नहीं होने पर जमीन सरकारी प्रबंधन में लेने के प्रस्ताव का विरोध किया है। नागपुर के कोराडी में पत्रकारों से बातचीत में बावनकुले ने कहा कि यदि कोई वास्तविक किसान अपनी जमीन पर खेती कर रहा है तो उसकी जमीन को कोई खतरा नहीं है। 1948 के क्लैन एक्ट की धारा 65 में प्रावधान है कि यदि जमीन तीन साल तक परती छोड़ी जाती है तो सरकार को उसके प्रबंधन का अधिकार है। हालांकि, इसका अर्थ यह नहीं है कि आम किसानों की जमीन सरकार अपने प्रबंधन में ले लेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रावधान से कोंकण, पश्चिमी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा या विदर्भ के किसी भी वास्तविक किसान की जमीन प्रभावित नहीं होगी।

राजस्व मंत्री ने कहा कि कुछ बड़े लोगों ने किसानों से सैकड़ों एकड़ जमीन खरीदकर फार्महाउस बना लिए हैं, लेकिन वहां खेती नहीं की जाती। ऐसी जमीनों को वर्षों तक परती छोड़ना उचित नहीं है। उन पर चारा और फसलें उगाई जानी चाहिए, ताकि कृषि उत्पादन बढ़ने के साथ राज्य और देश की राष्ट्रीय आय तथा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में भी वृद्धि हो सके। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल उन लोगों के लिए है, जो जमीन खरीदकर लैंड बैंक बनाने के उद्देश्य से उसे खेती के बिना छोड़ देते हैं। राजस्व विभाग किसानों की खेती की जमीन की रक्षा के लिए है, न कि उसे उनसे लेने के लिए। बावनकुले ने बताया कि उन्होंने राजू शेट्टी से भी फोन पर बात कर स्थिति स्पष्ट की है।

बावनकुले ने नागपुर की भविष्य की जलापूर्ति योजना का भी ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि कामठी-कोलार बैराज शहर में पानी की कमी का स्थायी समाधान साबित हो सकता है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस संबंध में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। कन्हान नदी पर बैराज बनने से नागपुर शहर को अगले 50 वर्षों तक पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए फिलहाल करीब 800 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पेरी-अर्बन क्षेत्रों में जल वितरण व्यवस्था विकसित करने के लिए लगभग 400 करोड़ रुपये की जरूरत होगी। कुल करीब 1,400 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है, जिसे शीतकालीन सत्र में अंतिम रूप दिया जाएगा।

राजस्व मंत्री ने बताया कि नागपुर और अमरावती जिलों में बागवानी के लिए बड़ी संख्या में बोरवेल खोदे गए, लेकिन भूजल के पुनर्भरण के लिए पर्याप्त प्रबंधन नहीं किया गया। इसके कारण भूजल स्तर में गिरावट आई है। स्थिति में सुधार के लिए पांच हजार से अधिक वाटर टावर और तीन हजार रिचार्ज शाफ्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही गांवों के तालाबों, झीलों और अन्य जलाशयों को गहरा करने की योजना भी बनाई गई है, ताकि बारिश का पानी बहकर बर्बाद होने के बजाय जमीन में समा सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव का पानी गांव में और जलग्रहण क्षेत्र का पानी उसी क्षेत्र में संरक्षित करना है। नरखेड़ तहसील में जल संरक्षण के लिए किए गए प्रयोगों का उल्लेख करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि लगातार प्रयासों से अगले पांच वर्षों में भूजल स्तर में सुधार किया जा सकता है।

बावनकुले ने बताया कि सूखे की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने माइक्रोफाइनेंस कंपनियों को अगले आठ महीने तक कर्ज की वसूली नहीं करने का निर्देश दिया है। पंचायत स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक के अधिकारियों को संबंधित कंपनियों के साथ बैठक कर जरूरी सुधार करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर माइक्रोफाइनेंस के नाम पर अवैध रूप से कर्ज देने और वसूली का कारोबार चल रहा है। ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

राजस्व मंत्री ने बताया कि सूखे के हालात में बोरवेल खुदाई और पानी के टैंकरों के लिए लोगों से मनमानी कीमत वसूलने की शिकायतें मिली हैं। बोरवेल खोदने पर लगी रोक 15 दिसंबर तक हटा दी गई थी। इसके बावजूद कुछ बोरवेल संचालक 70 हजार रुपये के काम के लिए 1.20 लाख रुपये तक मांग रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। बोरवेल खुदाई की कीमत 70 हजार रुपये से अधिक नहीं रखने को कहा गया है। निर्धारित दर से अधिक वसूली की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार